हर गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 09 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को चढ़ी में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा फेस-1 से फेस-8 के सर्वे के तहत चिह्नित रैत ब्लॉक की विभिन्न पंचायतों के लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान चढ़ी, घरोह, लांजनी, मेटी, कजलोट, कल्याडा, सुधेड़, नागनपट्ट, भितलु, अनसूई, रावा और करेरी पंचायतों के चिह्नित लाभार्थियों से बातचीत की गई।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वे के तहत चिह्नित लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लोगों के चयन में किसी प्रकार की कमी न रह गई हो। उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों, अच्छी बातों अथवा पात्र व्यक्ति से जुड़े किसी महत्वपूर्ण मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्पष्ट उद्देश्य है कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि रैत ब्लॉक में किए गए सर्वे के तहत 3,503 लोगों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता सेवा भाव से करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से न छूटे।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि इसी तरह के संवाद कार्यक्रम पूरे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

