सुक्खू सरकार की झूठी गारंटियां अब हिमाचल से निकल बिहार पहुंचीं : सचिन शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार की झूठी गारंटियां अब हिमाचल से निकल बिहार पहुंचीं : सचिन शर्मा


धर्मशाला, 03 नवंबर (हि.स.)। संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा भाजपा के अध्यक्ष सचिन शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में जनता को झूठे वादों से ठगने के बाद अब वे बिहार की जनता को भ्रमित करने निकले हैं।

सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में सचिन शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार की 1500 प्रति माह महिलाओं को देने की गारंटी पूरी तरह से फेल साबित हुई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि पहली ही कैबिनेट में हर परिवार की महिला को 1500 मिलेगा, लेकिन यह घोषणा सिर्फ़ जुमला बनकर रह गई। आज तक किसी महिला को इस गारंटी का लाभ नहीं मिला।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की हर गारंटी झूठी निकली। चाहे वह एक लाख रोज़गार देने की बात हो, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, या दूध और गोबर पर प्रोत्साहन की। कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को छलकर सत्ता हासिल की और अब वही झूठ लेकर बिहार की जनता को गुमराह करने निकले हैं।

उन्होंने कहा कि आज हिमाचल का हर वर्ग महिला, युवा, किसान, कर्मचारी और पेंशनर कांग्रेस सरकार की विफलताओं से परेशान है। मुख्यमंत्री सुक्खू को पहले हिमाचल की जनता को जवाब देना चाहिए न कि बिहार जाकर नए झूठ फैलाने चाहिए।

सचिन शर्मा ने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस के छलावे में आने वाली नहीं है और आने वाले चुनावों में जनता इस सरकार को उसके वादों की सज़ा जरूर देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story