कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाएं श्रमिक : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 04 फ़रवरी (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैटी पंचायत के वंडी चौक में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्यातिथि तथा कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ श्रमिक पंजीकरण करवाकर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष में न्यूनतम 90 दिन कार्य करने वाला कोई भी श्रमिक पंजीकरण के लिए पात्र है।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि भविष्य में धारकंडी एवं चंगर क्षेत्र में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अध्यक्ष नरदेव कंवर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बोर्ड ने नई पहचान बनाई है।
वहीं कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में इस प्रकार के शिविर लगाए जा रहे हैं, जबकि जिला कांगड़ा में यह आठवां शिविर है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक बोर्ड द्वारा लगभग 81 करोड़ रुपये की सहायता विभिन्न श्रमिकों को प्रदान की जा चुकी है।
कार्यक्रम में 51 श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें कार्ड वितरित किए गए। साथ ही कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के कैलेंडर एवं प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

