50 दिन बाद कांगड़ा जिला परिषद को मिलेगा नया अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, सोमवार को होगा चुनाव
धर्मशाला, 19 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव सोमवार को होगा। पंचायत चुनाव परिणाम आने के करीब 50 दिन बाद जिला परिषद को नया नेतृत्व मिलेगा। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा सुबह 11 बजे जिला परिषद की बैठक में चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाएंगे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
54 सदस्यीय जिला परिषद कांगड़ा में इस बार अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) महिला के लिए आरक्षित है। इस श्रेणी में मस्सल, सुन्हीं, कलियाड़ा और तियारा वार्ड की निर्वाचित महिला सदस्य ही अध्यक्ष पद की दावेदार होंगी।
जिला परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित 25, कांग्रेस समर्थित 12 और 17 निर्दलीय सदस्य निर्वाचित हुए हैं। अधिकांश निर्दलीय सदस्यों को भाजपा समर्थक माना जा रहा है। ऐसे में भाजपा एक बार फिर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा जमाने की कोशिश में है। हालांकि उपाध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के भीतर सामंजस्य बनाना भी चुनौती माना जा रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस भी राजनीतिक समीकरणों के सहारे उलटफेर की उम्मीद लगाए हुए है।
भाजपा ने जिला कांगड़ा को कांगड़ा, पालमपुर, देहरा और नूरपुर चार संगठनात्मक जिलों में विभाजित किया है। पिछली बार अध्यक्ष पद कांगड़ा क्षेत्र और उपाध्यक्ष पद देहरा क्षेत्र के हिस्से में गया था। इस बार भी क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए दावेदारों के नाम तय किए जाने की संभावना है।
जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद सचिव सचिन ठाकुर ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव सोमवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

