कांगड़ा जिला में होगी 101 जेबीटी शिक्षकों की भर्ती, 15 अक्टूबर को होगा प्रमाण पत्रों का सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)।

कांगड़ा जिला में 101 जेबीटी शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। इन पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच और सत्यापन 15 अक्टूबर को धर्मशाला में किया जाएगा। उपनिदेशक स्कूल शिक्षा प्रारंभिक बलविंदर सिंह गुलेरिया ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर द्वारा चयनित 101 जेबीटी अभ्यर्थियों की सूची जिला कांगड़ा में रिक्त पदों को भरने के लिए शिक्षा निदेशालय के माध्यम से इस कार्यालय को प्राप्त हुई है। इन सभी चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन 15 अक्तूबर, 2026 को प्रातः 10 बजे नर्सरी मिडल स्कूल, धर्मशाला में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा उनकी सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होना सुनिश्चित करें। सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को मैट्रिक, जमा दो, टीईटी उत्तीर्ण प्रमाण पत्र तथा जेबीटी प्रमाण पत्र या समकक्ष योग्यता का मूल प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी प्रमाण पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र, संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र, यदि लागू हो, तथा नवीनतम सत्यापित फोटो भी साथ लाना आवश्यक है।

विभाग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे दस्तावेजों की जांच के लिए निर्धारित समय पर नर्सरी मिडल स्कूल, धर्मशाला में उपस्थित हों और सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों एवं उनकी सत्यापित प्रतियों को साथ लाना सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story