आईटीआई शाहपुर में 10 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक कार्यशाला भवन : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
आईटीआई शाहपुर में 10 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक कार्यशाला भवन : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 17 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला के आईटीआई शाहपुर में 10 करोड़ रुपये की लागत से एक नया अत्याधुनिक कार्यशाला भवन बनाया जाएगा। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित ड्राफ्ट्समैन व्यवसाय के कौशल प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यशाला भवन के लोकार्पण के उपरांत जनसमूह को संबोधित करते हुए दी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आईटीआई शाहपुर में मशीनरी, नवाचार और अन्य विकास कार्यों पर लगभग 4 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही यह संभव हो पाया है।

विधायक ने जानकारी दी कि नए शैक्षणिक सत्र से आईटीआई शाहपुर में डेयरी टेक्नोलॉजी कोर्स भी शुरू किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। इसके अतिरिक्त आईटीआई आईएमसी के माध्यम से हाईवे पर 20 दुकानों के निर्माण की योजना भी शीघ्र पूर्ण की जाएगी।

इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत शाहपुर के लिए लगभग 23.50 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई दो कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही 25 नल-जल कर्मियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नगर पंचायत शाहपुर में 12.73 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं।

कार्यक्रम में आईटीआई के प्रधानाचार्य चैन सिंह ने संस्थान की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story