धर्मशाला में आईपीएल मैचों को लेकर पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में आईपीएल मैचों को लेकर पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान


धर्मशाला, 10 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर कांगड़ा पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रतन ने बताया कि 11, 14, 17 और 26 मई को मैचों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन के अनुसार मैच शुरू होने से छह घंटे पहले धर्मशाला और मैक्लोडगंज में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि रूट बसों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। मैच समाप्त होने के दो घंटे बाद तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निर्धारित क्षेत्र में सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। यातायात नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, वन-वे मूवमेंट और डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए शटल बस सेवा भी चलाई जाएगी। चामुंडा और योल की ओर से आने वाले वाहनों को जोरावर स्टेडियम सिद्धबाड़ी में पार्क कराया जाएगा।

वहीं कांगड़ा, मटौर और गगल की तरफ से आने वाले वाहन दाड़ी मेला ग्राउंड और अचीवर्स हब स्कूल मैदान में पार्क होंगे। इन पार्किंग स्थलों से दर्शकों को शटल बसों के जरिए स्टेडियम के पास उतारा जाएगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

मैक्लोडगंज जाने वाले वाहनों को गांधी चौक बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि मैक्लोडगंज से धर्मशाला आने वाले वाहनों को टेंपल रोड और फव्वारा चौक मार्ग से निकाला जाएगा। सकोह से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था तय की गई है। वहीं मीडिया वाहनों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बॉयज धर्मशाला मैदान आरक्षित रहेगा।

वीआईपी और विशेष पास वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था

वीआईपी और एचपीसीए के विशेष पास धारकों के लिए साई ग्राउंड और न्यू हिमुडा कॉम्प्लेक्स फुटबॉल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। केवल अधिकृत पास वाले वाहनों को ही स्टेडियम के अंदर प्रवेश मिलेगा।

उधर पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन ना करें। अगर कोई ऐसा करता है तो उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story