आईपीएल मैचों के लिए जिला प्रशासन तैयार, सभी माॅक ड्रिल संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल मैचों के लिए जिला प्रशासन तैयार, सभी माॅक ड्रिल संपन्न


आईपीएल मैचों के लिए जिला प्रशासन तैयार, सभी माॅक ड्रिल संपन्न


धर्मशाला, 05 मई (हि.स.)।

धर्मशाला के एच.पी.सी.ए. स्टेडियम में आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीन महत्वपूर्ण मैचों के दृष्टिगत जिला प्रशासन कांगड़ा द्वारा सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

इस संबंध में एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित चारों माॅक ड्रिल्स सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई हैं तथा सभी संबंधित विभाग किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन की संवेदनशीलता तथा बड़ी संख्या में संभावित दर्शकों, खिलाड़ियों, वीआईपी, वीवीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आयोजन कर्मियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संभावित आपदा परिदृष्यों पर आधारित माॅक अभ्यास आयोजित किए गए। इन अभ्यासों के माध्यम से न केवल विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया, बल्कि संसाधनों की उपलब्धता, संचार प्रणाली, निकासी योजना, भीड़ नियंत्रण एवं अंतर-विभागीय समन्वय का भी व्यापक मूल्यांकन किया गया।

उन्होंने बताया कि इन सभी मॉकड्रिल में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, एचपीसीए प्रबंधन, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वयंसेवक एवं अन्य संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।

माॅक ड्रिल्स के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझावों को शामिल किया गया।

एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सभी हितधारकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा आपातकालीन संचालन केंद्र (ईओसी) द्वारा निरंतर निगरानी की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि मैचों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियमों एवं सुरक्षा प्रोटोकाॅल का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story