आईपीएल मैचों को लेकर उपायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल मैचों को लेकर उपायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा


धर्मशाला, 25 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 11, 14 तथा 17 मई को खेले जाने वाले आईपीएल के मैचों की सफल मेजबानी के लिए शनिवार को एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में आयोजित इस बैठक में उन्होंने मैचों के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने मैच के आयोजन के संदर्भ में कानून, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मुरम्मत, शहर की साफ-सफाई तथा अग्निशमन सेवाओं इत्यादि सहित अन्य संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और इस बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मैच के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला के आस-पास के क्षेत्र में मुरम्मत योग्य सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग एवं नगर निगम धर्मशाला के पदाधिकारियों को क्षेत्र में स्ट्रीट लाईटों की मुरम्मत आदि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने नगर निगम धर्मशाला के अधिकारियों को मैच के आयोजन के दौरान धर्मशाला शहर और क्रिकेट मैदान के आस-पास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि मैच के आयोजन के दौरान वाहनों की पार्किंग के दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए निकासी गेटों से पार्किंग स्थलों तक दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम में अग्नि संबंधी आपातकालीन प्रबंधों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी को मैचों के आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं और विशेष वार्ड के साथ ही डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।

29, 30 अप्रैल और 5 मई को होगी मॉक एक्सरसाइज

उन्होंने कहा कि मैच के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में बेहतर तरीके से निपटने के लिए पूर्व तैयारी के तौर पर स्टेडियम के समीप 29, 30 अप्रैल और 5 मई को माॅक एक्सरसाइज की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story