जाइका से जुड़ी महिलाएं बन रही सशक्तिकरण की मिसाल : कमलेश ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
जाइका से जुड़ी महिलाएं बन रही सशक्तिकरण की मिसाल : कमलेश ठाकुर


धर्मशाला, 08 मार्च (हि.स.)। जाइका वानिकी परियोजना से जुड़ी महिलाएं आज सशक्तिकरण की मिसाल बन रही हैं। देहरा के बचत भवन में रविवार को आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने जाइका की मेहनतकश महिलाओं की पीठ थपथपाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की महिलाएं सशक्त बन चुकी हैं। वे पुरूषों का मुकाबला बखूबी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं, जिसका लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर कमलेश ठाकुर ने परियोजना से जुड़ी दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं के साथ ऑनलाइन और यहां पहुंची महिलाओं से सीधा संवाद किया। इससे पूर्व बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डा. संजय सूद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वानिकी परियोजना से जुड़कर आज प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आजीविका सुधार कर अपनी आर्थिकी को और अधिक मजबूत कर रही हैं। नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नीकल टीचर्स एंड रिसर्च चंडीगढ़ की प्रोफेसर एवं अकादमिक विशेषज्ञ सलाहकार डा. मिनाक्षी सूद ने भी यहां उपस्थित महिलाओं को संबेाधित किया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल भी लगाए और विधायक कमलेश ठाकुर ने खूब सराहना भी की। इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने वन मंडल देहरा, धर्मशाला, नूरपुर और पालमपुर के अंतर्गत बेहतरीन कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित भी किया। जबकि 18 अन्य वन मंडलों के स्वयं सहायता समूहों को ऑनलाइन माध्यम से सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story