पूजा अर्चना के साथ शुक्रवार को शुरू होगा ऐतिहासिक श्री इन्द्रूनाग छिंज मेला

WhatsApp Channel Join Now
पूजा अर्चना के साथ शुक्रवार को शुरू होगा ऐतिहासिक श्री इन्द्रूनाग छिंज मेला


धर्मशाला, 26 मार्च (हि.स.)। धर्मशाला के खनियारा का ऐतिहासिक श्री इंद्रु नाग देवता छिंज मेले का शुभारंभ शुक्रवार को झंडे की रस्म के साथ होगा। मंदिर में हवन पाठ पूजा अर्चना व खेलपात्र का आयोजन भी होगा। ऐतिहासिक मेला 27 मार्च से 30 मार्च तक पटोला मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले में होने वाले दंगल में पहलवानों को लाखों रुपये के नकद इनाम दिए जाएंगे। जबकि छिंज में माली विजेता को एक लाख रुपये व उपविजेता को 81 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पहलवानों से आग्रह है कि वह बड़ी माली के लिए एक बजे से पहले अखाड़े में पहुंच जाएं उसके बाद आने वाले पहलवानों को अवसर देना मुश्किल हो जाएगा।

मेला कमेटी की अध्यक्ष कैप्टन ईश्वर ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह लिया गया है। कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि 27 मार्च को श्री इंद्रु नाग देवता के मंदिर में हवन, पूजा अर्चना व खेलपात्र के साथ-साथ ध्वज चढ़ेगा। 28 मार्च को इंद्रु नाग देवता की छड़ी मुख्य मंदिर से पहले कोटासनी माता मंदिर तक शोभायात्रा के साथ जाएगी और फिर कोटासनी माता मंदिर से पटोला मैदान तक पहुंचेगी और पटोला अखाड़ा में दंगल होगा। 29 मार्च को श्री इंद्रु नाग देवता की बड़ी छिंज व माली आयोजित की जाएगी, जिसमें नामी पहलवान अपने दांवपेंच दिखाएंगे। 30 मार्च को पटोला मैदान में मेले का आयोजन होगा और साथ ही साथ आकर्षक व मनोरंजक खेलें आयोजित होंगी। मेले के सफल आयोजन के लिए हर वर्ष ग्रामीणों का सहयोग मिलता है, जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन का सहयोग मिलता है। इस बार भी ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। पुलिस व जिला प्रशासन का सहयोग मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मेले में दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर स्थान मिल रहा है और दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए अपनी दुकानों के कूड़े के लिए डस्टबीन रखना होगा। इस साल भी खनियारा मेला नशा मुक्त घोषित किया गया है। मेले के सफल आयोजन के लिए उपकमेटियां गठित हैं और सभी उपकमेटियां मेले के सफल आयोजन के लिए बेहतरीन काम कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story