बिहार से इंदौरा पंहुचा नाबालिग बालक, पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द किया

WhatsApp Channel Join Now
बिहार से इंदौरा पंहुचा नाबालिग बालक, पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द किया


बिहार से इंदौरा पंहुचा नाबालिग बालक, पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द किया


धर्मशाला, 28 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना इंदौरा द्वारा बिहार के रहने वाले गुमशुदा नाबालिग बालक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया है। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना इंदौरा द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक मार्ग भूले 16 वर्षीय नाबालिग बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को इंदौरा क्षेत्र की एक स्थानीय महिला को इंदौरा बस अड्डे के समीप एक नाबालिग बालक रोता हुआ मिला। महिला द्वारा इस संबंध में सोमवार को पुलिस थाना इंदौरा में सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक से प्राथमिक जानकारी जुटाई, जिससे पता चला कि बालक बिहार का रहने वाला है और भूलवश ट्रेन में बैठकर पठानकोट तथा वहां से बस द्वारा इंदौरा पहुंच गया था।

थाना इंदौरा पुलिस द्वारा तुरंत संबंधित पुलिस थाना बेहरा (जिला दरभंगा, बिहार) से संपर्क साधकर बालक के परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर मंगलवार को बालक के परिजन पुलिस थाना इंदौरा पहुंचे।

पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्यवाही एवं पहचान की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने हिमाचल प्रदेश पुलिस की इस त्वरित सहायता एवं तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story