अवैध खनन : नूरपुर में पुलिस कार्रवाई के दौरान 21 वाहन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध खनन : नूरपुर में पुलिस कार्रवाई के दौरान 21 वाहन जब्त


धर्मशाला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु गत 24 घंटों के दौरान विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा द्वारा किया गया। वहीं समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने व्यास नदी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं औचक चेकिंग की। क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रशरों का भी गहन निरीक्षण कर नियमानुसार जांच सुनिश्चित की गई।

एसपी नूरपुर ने बताया कि इस दौरान अवैध खनन पर अंकुश लगाने हेतु संवेदनशील क्षेत्रों खन्नी, माजरा, रेय पत्तन, रियाली मंड, इंदौरा मंड एवं भोगरवां में लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है। अवैध खनन के अनाधिकृत परिवहन को रोकने के उद्देश्य से रेय पत्तन–रेहटपुर बेल्ट के संपर्क मार्गों पर गड्ढे खोदकर अवैध वाहनों की आवाजाही को प्रभावी रूप से बाधित किया गया है। विशेष अभियान के दौरान गत 24 घंटों में अवैध खनन/परिवहन में संलिप्त कुल 21 वाहनों ट्रक, डंपर एवं ट्रैक्टर को खनन अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त किया गया है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु न्यायालय में भेजा गया है।

पुलिस जिला नूरपुर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अवैध खनन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story