ब्यास नदी किनारे अवैध खनन करते जेसीबी और टिप्पर जब्त, पुलिस ने की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
ब्यास नदी किनारे अवैध खनन करते जेसीबी और टिप्पर जब्त, पुलिस ने की कार्रवाई


धर्मशाला, 22 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा में अवैध खनन माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना लंबागांव की टीम द्वारा ब्यास नदी के किनारे खनन करती एक जेसीबी और टिप्पर को कब्जे में लिया है। पुलिस को यह कामयाबी क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी के दौरान मिली है। पुलिस ने इस दौरान एक टिप्पर नम्बर एचपी56ए-7342 तथा एक जेसीबी मशीन एचपी-90ए-9078 के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई गई है।

पुलिस टीम द्वारा मौके पर निरीक्षण के दौरान संबंधित जेसीबी चालक अविनाश कुमार पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव व डाकघर लुहणा तहसील बड़ोह जिला कांगड़ा व टिप्पर चालक अजय कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी गांव जलेट डाकघर लंबागांव तहसील जयसिंहपुर जिला कांगड़ा से वैध खनन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जिन्हें मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर दोनों वाहनों के चालान किए गए तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई हेतु वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया आरंभ की गई।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन तथा प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। ब्यास नदी एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त, निगरानी की जा रही है ताकि पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके और सरकारी राजस्व की हानि को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story