एचआरटीसी उपाध्यक्ष बुधवार को डोप टेस्ट करवाने को तैयार, नीरज भारती के आरोपों पर पलटवार

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 09 जून (हि.स.)।हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने पूर्व संसदीय सचिव नीरज भारती द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह कल बुधवार को चंडीगढ़ में नीरज भारती द्वारा बताए गए किसी भी अधिकृत लैब में डोप टेस्ट करवाने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने चुनौती दी कि यदि उनके शरीर में शराब या किसी भी नशे की एक बूंद भी पाई जाती है, तो वह किसी भी सजा को भुगतने के लिए तैयार हैं। वह अपना कार्य पूरी निष्ठा से करते हैं। यदि उनके किसी भी कार्य में भ्रष्टाचार साबित होता है, तो वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं। अजय वर्मा ने नीरज भारती को मर्यादा में रहकर बात करने की नसीहत दी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा उन्हें एचआरटीसी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि तब भी अपने चहेतों को पद दिए गए थे और कोई आलोचना नहीं हुई थी। वर्मा ने यह भी कहा कि इस पद की आलोचना करना पूरे कांगड़ा क्षेत्र की आलोचना करने जैसा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story