एचआरटीसी की वोल्वो बसों में यात्रियों के लिए फीडबैक रजिस्टर उपलब्ध : पंकज चड्ढा
धर्मशाला, 01 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एच.आर.टी.सी.) मंडल धर्मशाला के मंडलीय प्रबंधक (डी.एम.) पंकज चड्ढ़ा ने बताया कि एच.आर.टी.सी. की वल्वो बसों में यात्रियों को कंबल सुविधा प्रदान करना शुरू कर दी गई है। साथ ही बसों में फीडबैक रजिस्ट्र के माध्यम से प्रतिकिया ली जाएगी।
धर्मशाला में वीरवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस फीडबैक के माध्यम से यात्री अपनी प्रतिक्रिया एच.आर.टी.सी. तक पहुंचा सकेंगे, ताकि सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि धर्मशाला बस स्टैंड निर्माण के कार्य को लेकर भी सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। जबकि जल्द ही बस स्टैंड की ड्राइंग की मुख्य कार्यालय से अप्रूवल होने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
पकंज चड्ढा ने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला के तहत 7 डिपो व एक डिविजनल वर्कशॉप भी आती है। जिसमें 666 बसें धर्मशाला मंडल में चल रही है, जिसमें 767 सेवाएं संचालित की जा रही है। 2025 में तीन नए रूट शुरू किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 41 हजार से अधिक लोगों को स्मार्ट, ग्रीन और सम्मान कार्ड के जरिए रियायती यात्रा का लाभ मिल रहा है। जयसिंहपुर में नए क्षेत्रीय कार्यालय और बस संस्थान के बनने से परिवहन सेवाओं में और सुधार आएगा। नए साल के इस तोहफे से धर्मशाला, कांगड़ा और चंबा क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

