प्रदेश सरकार एचआरटीसी कर्मचारियों की देनदारियों का जल्द करे भुगतान : बीएमएस

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 23 जुलाई (हि.स.)।

हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन पर जो कर्मियों की देनदारियां हैं, वे वर्तमान में करोड़ों की राशि को पार कर चुकी हैं। सरकार का रवैया इसी तरह उदासीन रहा तो यह देनदारियां अरबों में पहुंच जाएंगी। प्यार सिंह ठाकुर वीरवार को भारतीय मजदूर संघ के 72वें स्थापना दिवस पर धर्मशाला बस स्टैंड में आयोजित समारोह में शिरकत करते हुए पत्रकारों से बातचीत में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की हालत खस्ता होती जा रही है। अन्य कर्मियों को जो सुविधाएं मिल रही हैं, निगम कर्मियों को वही सुविधाएं देना, सरकार व निगम प्रबंधन की गले की फांस बन गई हैं। एचआरटीसी बसों की दशा दयनीय है, नई गाड़ियां नहीं आ रही हैं। एचआरटीसी प्रदेश की आन, बान और शान है, जिससे हजारों कर्मियों के परिवार चल रहे हैं। निगम कर्मी, बरसात के मौसम में जान को जोखिम में डालकर सेवाएं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बरसात में जो सड़क मार्ग वाहन चलाने लायक होंगे, उसी मार्ग पर एचआरटीसी चालक-परिचालक बसें लेकर जाएंगे, क्योंकि बरसात की वजह से भूस्खलन व डंगे बैठने की घटनाएं घटित हो रही हैं। निगम में टायरों की समस्या चली हुई है, कई रूट भी बसें न होने की वजह से परिवहन सेवाओं से वंचित हैं। प्रदेश सरकार कर्मियों की देनदारियों का भुगतान जल्द करे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story