सीयू में विकसित भारत युवा संसद व युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन
धर्मशाला, 26 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला परिसर में वीरवार को विकसित भारत युवा संसद व युवा कनेक्ट-2026 कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप कुमार, डीन शिक्षाविद, केंद्रीय विश्वविद्यालय तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी विनय शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार एवं विनय शर्मा तथा विशिष्ट अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
युवा संसद में प्रतिभागियों ने शिक्षा, रोजगार, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के तर्क, प्रस्तुति शैली और विषय की समझ के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम, जिलास्तरीय राउंड में पंचम गुप्ता प्रथम वैशनवी डोगरा द्वितीय व अंकुश शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता युवा 6 मार्च को राज्यपाल के समक्ष अपना वक्तव्य रखेंगे तथा जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए मेरा युवा भारत कार्यालय के उप-निदेशक ध्रुव डोगरा द्वारा बताया कि विकसित भारत युवा संसद का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

