एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत पुडुचेरी जाएंगे सीयू के होनहार : प्रो. बंसल

WhatsApp Channel Join Now
एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत पुडुचेरी जाएंगे सीयू के होनहार : प्रो. बंसल


धर्मशाला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम–चरण 6’ कार्यक्रम में सहभागिता करेगा। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, पारस्परिक समझ तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, भाषाओं, भौगोलिक विशेषताओं तथा विकास मॉडलों को समझने का अवसर प्रदान किया जाता है।

इस संबंध में केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने वीरवार को पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए बताया कि युवा संगम कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2023 में शिक्षा मंत्रालय द्वारा की गई थी। यह एक महत्वपूर्ण युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य देश के युवाओं के बीच अनुभवात्मक अधिगम तथा जन-से-जन संपर्क को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को लगभग 10 दिनों के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण का अवसर दिया जाता है। यह कार्यक्रम ‘5पी’ के पांच प्रमुख आयामों पर आधारित है। जिनमें पर्यटन, परंपरा, प्रगति, प्रौद्योगिकी और पारस्परिक संपर्क शामिल है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में दूसरी बार भाग ले रहा है।

इससे पूर्व युवा संगम के चरण 4 में विश्वविद्यालय की जोड़ी ओडिशा राज्य के साथ बनाई गई थी। युवा संगम–चरण 4 में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की जोड़ी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), पुडुचेरी के साथ बनाई गई है। इस चरण में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से लगभग 50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न संस्थानों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी स्तर के विद्यार्थियों से एक हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं।

इसी प्रकार पुडुचेरी से आने वाले विद्यार्थियों के एक दल की मेजबानी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय करेगा, जिससे उन्हें हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, शैक्षिक वातावरण तथा विकास गतिविधियों को निकट से जानने का अवसर मिलेगा। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है। इस मौके पर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story