सीयू के छात्र निशांत कुमार का हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड में चयन
धर्मशाला, 02 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, धर्मशाला के अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के छात्र निशांत कुमार अब हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) में सिविल इंजीनियर के पद पर सेवाएं देंगे। मंडी जिले की लड़भड़ोल तहसील के अत्यंत पिछड़े गांव जोल के एक आर्थिक रूप से कमजोर अनुसूचित जाति परिवार से संबंध रखने वाले निशांत कुमार अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के सत्र 2024–25 एवं 2025–26 के विद्यार्थी रहे हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने निशांत कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के उस उद्देश्य को साकार करती है, जिसके माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सफल बनाया जा रहा है। निशांत की उपलब्धि केंद्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
वहीं कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने निशांत कुमार को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्राप्त की गई यह सफलता अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निशांत अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यकुशलता से न केवल संस्थान बल्कि हिमाचल प्रदेश का भी नाम रोशन करेंगे तथा समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के समस्त संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने भी निशांत कुमार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी यह उपलब्धि अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, धर्मशाला के लिए गर्व का विषय है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

