सीयू में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
धर्मशाला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के शाहपुर परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस “वीमेन इन साइंस : कैटालायसिंग विकसित भारत” थीम के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल मुख्य संरक्षक तथा सुनीता बंसल मुख्य अतिथि रहीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. प्रदीप कुमार तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुनील कुमार ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर परिसर की छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोली प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। 125 से अधिक शिक्षार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न विषयों पर सुंदर एवं आकर्षक रंगोलियाँ बनाईं और अनेक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विज्ञान भारती एवं संस्कृत भारती द्वारा इंडियन नॉलेज सिस्टम पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
शाहपुर परिसर के परिसर निदेशक प्रो. भागचंद चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भविष्य में भी शाहपुर परिसर में निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहन मिलता रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

