केंद्रीय विवि में हिंदी-पंजाबी मुहावरा कोश निर्माण की तीसरी कार्यशाला शुरू

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय विवि में हिंदी-पंजाबी मुहावरा कोश निर्माण की तीसरी कार्यशाला शुरू


धर्मशाला, 02 नवंबर (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में हिंदी-पंजाबी मुहावरा कोश निर्माण संबंधी पांच दिवसीय तृतीय कार्यशाला का सोमवार को शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के पंजाबी एवं डोगरी विभाग तथा हिंदी एवं भारतीय भाषा विभाग की ओर से केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के पूर्वोत्तर शिक्षण सामग्री निर्माण विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में दोनों भाषाओं के मुहावरों का संकलन, विश्लेषण और तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। दो से छह नवंबर तक चलने वाली इस कार्यशाला में मुहावरों की भाषाई संरचना, अर्थ, प्रयोग और सांस्कृतिक संदर्भों पर मंथन होगा।

इससे पहले केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा और पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला में इस विषय पर दो कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। मौजूदा कार्यशाला इसी श्रृंखला की तीसरी कड़ी है। इस परियोजना के तहत अभी दो और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। पांचों कार्यशालाओं के संपन्न होने के बाद हिंदी-पंजाबी मुहावरा कोश का प्रकाशन किया जाएगा। इससे दोनों भाषाओं की समानताओं, पारस्परिक संबंधों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को समझने में मदद मिलेगी।

कार्यशाला के संरक्षक कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल और अध्यक्ष कुलाधिपति पद्मश्री प्रो. हरमोहिंदर सिंह बेदी हैं। इसमें विशेषज्ञ के रूप में प्रो. सुखदेव सिंह मिन्हास, चंडीगढ़, डॉ. रजनी, पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला और डॉ. धर्मपाल साहिल, होशियारपुर भाग ले रहे हैं। वहीं, पंजाबी एवं डोगरी विभाग के अध्यक्ष प्रो. नरेश कुमार और हिंदी एवं भारतीय भाषा विभाग के डॉ. मलकीयत सिंह संयोजन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कहा कि हिंदी और पंजाबी दोनों भाषाएं समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की वाहक हैं। इनमें प्रचलित मुहावरे जनजीवन, लोक अनुभव, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करते हैं। हिंदी-पंजाबी मुहावरा कोश का निर्माण दोनों भाषाओं के पारस्परिक संबंधों को गहराई से समझने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि पांच कार्यशालाओं के माध्यम से कोश को व्यवस्थित और प्रामाणिक स्वरूप दिया जा रहा है। यह भविष्य में भाषा अध्ययन, अनुवाद और शोध के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story