सीयू को राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
सीयू को राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध : कुलपति


धर्मशाला, 23 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद की 87वीं बैठक गुरुवार को विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन स्थायी परिसर, देहरा में कुलपति प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास, शैक्षणिक विस्तार, प्रशासनिक सुधार, वित्तीय प्रबंधन तथा निर्माणाधीन स्थायी परिसर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद ने विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए।

बैठक में कुलपति प्रो. बंसल ने विश्वविद्यालय की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है।

बैठक में निर्माणाधीन स्थायी परिसर के विभिन्न भवनों और आधारभूत संरचना के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। परिषद ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को शीघ्र ही आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। परिसर में शैक्षणिक भवनों, प्रशासनिक ब्लॉक, छात्रावासों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास पर भी चर्चा हुई।

कुलपति प्रो. प्रकाश बंसल ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर तैयार होने के बाद शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने परिषद के सभी सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story