सीयू के देहरा परिसर में जनवरी 2027 से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं : कुलपति
धर्मशाला, 23 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा स्थित निर्माणाधीन स्थायी परिसर में अगले वर्ष जनवरी 2027 से नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल ने बताया कि परिसर का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अधिकांश आवश्यक अधोसंरचना तैयार हो चुकी है। इसी के मद्देनुसार जनवरी से विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं शुरू करने की योजना बनाई गई है। वीरवार को देहरा परिसर में आयोजित ईसी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रो. बंसल ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले जुलाई 2026 से कक्षाएं शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन कुछ तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से यह संभव नहीं हो पाया। अब निर्माण कार्य में तेजी आने के बाद जनवरी 2027 से नियमित रूप से शैक्षणिक सत्र संचालित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर के उद्घघाटन के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी समय मांगा गया है।
उन्होंने कहा कि देहरा परिसर को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। परिसर के विस्तार के लिए 50 हक्टेयर अतिरिक्त भूमि की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखी गई है। उन्हें उम्मीद है कि यह भूमि शीघ्र विश्वविद्यालय को आवंटित कर दी जाएगी, जिससे भविष्य में नए शैक्षणिक भवन, अनुसंधान केंद्र, छात्रावास तथा अन्य सुविधाओं का विकास किया जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

