राज्य स्तरीय होली महोत्सव पालमपुर : बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्तरीय होली महोत्सव पालमपुर : बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ


धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। विधायक पालमपुर आशीष बुटेल ने राज्य स्तरीय होली महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई कुल 11 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में अवश्य अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है, बल्कि युवाओं को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने की सकारात्मक प्रेरणा भी मिलती है।

उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वूल फेडरेशन पंडाल के सदस्य त्रिलोक चंद, महापौर गोपाल नाग, कनवीनर सुनंद चित्रा सहित अन्य पार्षद गण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story