हिमकेयर योजना की जगह नई स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर शर्तें सार्वजनिक करे सरकार : संजय शर्मा
धर्मशाला, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने राज्य सरकार द्वारा मौजूदा ‘हिमकेयर’ स्वास्थ्य आश्वासन योजना की जगह एक निजी कॉर्पोरेट समूह के माध्यम से नई स्वास्थ्य बीमा योजना लाने के प्रस्ताव पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि वर्ष 2019 में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई ‘हिमकेयर’ योजना प्रदेश के उन लाखों परिवारों के लिए एक भरोसेमंद स्वास्थ्य सुरक्षा कवच रही है जिन्हें पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख तक का कैशलेस उपचार मिल रहा था। उन्होंने कहा कि एक स्थापित जनकल्याणकारी योजना को बंद कर निजी बीमा कंपनी के माध्यम से संचालन की दिशा में बढ़ना आम जनता के हितों को प्रभावित कर सकता है।
भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य योजना की प्रशासनिक और वित्तीय कमियों को सुधारने के बजाय पूरे संचालन को एक निजी समूह (आदित्य बिड़ला ग्रुप) के हाथ में देने का रास्ता चुना है जिससे निजी बीमा मॉडल में नियम-शर्तों की जटिलता के कारण मरीजों के दावों के निपटारे में कठिनाइयां आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि नई योजना के लिए लगभग 4,300 प्रति परिवार सालाना प्रीमियम उद्धृत किए जाने की बात सामने आई है। जहां एक ओर अति गरीब परिवारों को छूट या नाममात्र शुल्क की बात कही जा रही है, वहीं अन्य श्रेणियों के लिए प्रीमियम और सरकारी सब्सिडी का स्पष्ट ढांचा सामने नहीं आया है, जिससे मध्यम और निम्न-मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नई योजना में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बाहर रखा गया है, जबकि संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को शामिल करने पर केवल विचार किए जाने की बात कही जा रही है। इससे हजारों अस्थायी व आउटसोर्स कर्मचारियों में अपने स्वास्थ्य कवच को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा हिमकेयर लाभार्थियों को नई योजना में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी या तकनीकी अड़चन से गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही राज्य के भीतर निजी अस्पतालों में सामान्य बीमारियों के कैशलेस इलाज की उपलब्धता पर भी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
संजय शर्मा ने कहा कि यदि हिमकेयर योजना में बढ़ते खर्च, बिलों के सत्यापन या अस्पतालों व दवा आपूर्तिकर्ताओं के बकाया भुगतान जैसी प्रशासनिक चुनौतियां थीं, तो सरकार को निगरानी तंत्र और वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करना चाहिए था। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि वह प्रस्तावित योजना की शर्तों, प्रीमियम श्रेणियों और अस्पतालों की सूची को सार्वजनिक करे ताकि प्रदेश के किसी भी परिवार का उपचार बाधित न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

