धर्मगुरु दलाई लामा की लंबी आयु के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन
धर्मशाला, 25 मार्च (हि.स.)।अध्यात्म और आस्था की नगरी मैक्लोडगंज में बुधवार को तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा की दीर्घायु के लिए मुख्य तिब्बती मंदिर (चुगलाखंग) में विशेष 'दीर्घायु प्रार्थना समारोह' का आयोजन किया गया। इस मौके पर करीब चार हजार तिब्बती समुदाय सहित विदेशी और भारतीय अनुयायी मौजूद रहे। इस प्रार्थना सभा का आयोजन उ-त्सांग चोलखा, खाम जाचुका एसोसिएशन और किदोंग वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मौके पर धर्मगुरु दलाई लामा की लंबी आयु की कामना की गई, वहीं दलाई लामा ने भी अपने अनुयायियों को आशीर्वाद दिया।
उधर इससे पूर्व बुधवार सुबह जब दलाई लामा अपने निवास के द्वार पर पंहुचे, तो प्रार्थना करने वाले तीन समूहों-मध्य तिब्बत, खाम के ज़ाचुका और क्यिरोंग संघ के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें चुगलाखांग मठ तक लेकर आये। मंदिर के प्रांगण में मौजूद तिब्बती समुदाय के कलाकारों ने धर्मगुरु का पारम्परिक तरीके से स्वागत किया। बाद में धर्मगुरु अपने सिंहासन पर बैठे तथा तिब्बती लामाओं द्वारा उनकी लंबी आयु के लिए की गई प्रार्थना सभा को बड़े गौर से सुना। इस दौरान विभिन्न हिस्सों से तिब्बती समुदाय सहित विदेशी और स्थानीय लोग भी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

