धर्मगुरु दलाई लामा से मिले हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
धर्मगुरु दलाई लामा से मिले हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष


धर्मशाला, 24 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव एवं वर्तमान में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र अत्री ने रविवार को धर्मशाला में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने दलाई लामा द्वारा विश्व शांति, करुणा, मानव कल्याण एवं भाईचारे के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें मानवता का प्रेरणास्रोत बताया।

नरेंद्र अत्री ने कहा कि दलाई लामा का जीवन पूरी दुनिया के लिए शांति, सहिष्णुता और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पावन भूमि पर दलाई लामा की उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ युवाओं को नैतिक मूल्यों और मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

नरेंद्र अत्री ने कहा कि महामहिम से प्राप्त आशीर्वाद और मार्गदर्शन उनके सामाजिक एवं खेल गतिविधियों से जुड़े कार्यों में नई ऊर्जा प्रदान करेगा। यह भेंट आध्यात्मिक प्रेरणा, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण के प्रति समर्पण का एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story