तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की दीर्घायु के लिए बुधवार को विशेष प्रार्थना सभा

WhatsApp Channel Join Now
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की दीर्घायु के लिए बुधवार को विशेष प्रार्थना सभा


धर्मशाला, 24 मार्च (हि.स.)। अध्यात्म और आस्था की नगरी धर्मशाला में कल बुधवार को तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा की दीर्घायु के लिए मुख्य तिब्बती मंदिर (चुगलाखंग) में विशेष 'दीर्घायु प्रार्थना समारोह' का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उ-त्सांग चोलखा, दोखम जाचुका एसोसिएशन और किदोंग वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से दलाई लामा की लंबी आयु की कामना के लिए किया जा रहा है। खास यह है कि इस मौके पर धर्मगुरु दलाई लामा भी शामिल रहेंगे।

समारोह के लिए प्रशासन-आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दलाई लामा के कार्यक्रम के अनुसार, यह आयोजन सभी के लिए खुला है, लेकिन मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि धर्मशाला में होने वाली सभी शिक्षाओं और प्रार्थना सभाओं के लिए श्रद्धालुओं को पहले से पंजीकरण कराना होगा।

सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर विदेशी नागरिकों के लिए पासपोर्ट, भारतीय वीजा और 'सी' फॉर्म की प्रतियां लाना अनिवार्य है। वहीं भारतीय नागरिकों के लिए आधार कार्ड की कॉपी जमा करना आवश्यक होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story