जिला स्तरीय स्वास्थ्य जागरूकता क्विज में कनेड़ स्कूल के आर्यन व अभय प्रथम

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय स्वास्थ्य जागरूकता क्विज में कनेड़ स्कूल के आर्यन व अभय प्रथम


जिला स्तरीय स्वास्थ्य जागरूकता क्विज में कनेड़ स्कूल के आर्यन व अभय प्रथम


धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। धर्मशाला में यूथ फेस्ट-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिला स्तरीय स्कूल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनेड़ के आर्यन कुमार एवं अभय चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दाड़ी के मुहम्मद उमर एवं रिया ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मंडल के कुनाल सैनी एवं विपन्श कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय, झियोल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़ी, कनेड़, मंडल, रक्कड़ तथा बगली के विद्यार्थियों एवं नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी ज्ञानवर्धक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश भारती ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स, एसटीआई/आरटीआई, स्वैच्छिक रक्तदान तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश भारती ने सर्पदंश से बचाव के लिए रात में टॉर्च का उपयोग करने, पैरों में जूते पहनने, घरों में सांपों एवं अन्य जहरीले जीवों के प्रवेश की संभावनाओं को कम करने तथा चूहों की समस्या को नियंत्रित रखने जैसे उपायों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को शांत रखते हुए बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक रहें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं, इसलिए युवा स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं समुदाय में भी स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक संदेश पहुंचाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story