जी.एस. बाली की विरासत को सही दिशा में ले जा रहे हैं आरएस बाली : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
जी.एस. बाली की विरासत को सही दिशा में ले जा रहे हैं आरएस बाली : विनय कुमार


धर्मशाला, 26 जुलाई (हि.स.)।

विकासपुरुष जी.एस. बाली बाल मेला 2026 न केवल नगरोटा, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लोगों के दिलों में विकासपुरुष जी.एस. बाली के प्रति असीम प्रेम को दर्शाता है। यह विचार पूर्व सांसद एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की वर्तमान प्रभारी रजनी पाटिल ने विकासपुरुष जी.एस. बाली बाल मेला 2026 के तीसरे दिन आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचने पर व्यक्त किए।

पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवा से विधायक आरएस बाली वास्तव में विकासपुरुष जी.एस. बाली की विरासत को सही दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बाल मेले के तीसरे दिन मेडिकल कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचने पर कही।

पूर्व सांसद वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर ने विकासपुरुष के साथ बिताए समय को याद कर भावुक हुईं उन्होंने उनके द्वारा किए अनेकों कार्यों को याद किया। विधायक किशोरी लाल भी इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने बाल मेला कमेटी की सराहना की। इस अवसर पर शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व सीपीएस चौधरी सुरेंद्र काकू, बाल मेला कमेटी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगरोटा वासी मौजूद रहे।

बाल मेले के मुख्य संरक्षक बाली ने कहा कि बाल मेला उनके लिए लोगों की सेवा और समर्पण का भाव है। उन्होंने कहा कि यह मात्र एक मेला नहीं, बल्कि मेला कमेटी के निरंतर प्रेम और लोगों की सेवा के प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 वर्षों से यह मेला विकासपुरुष के प्रति लोगों के हृदय में बसे प्रेम का प्रमाण है, जो प्रत्येक वर्ष निरंतर बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि देश के प्रतिष्ठित डॉक्टर और अस्पताल इस मेले में लोगों की निःशुल्क जांच और दवाइयां उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं। उन्होंने आगे बताया कि बाल मेले में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों सहित अन्य संस्थाओं के चिकित्सकों की टीम ने मेडिकल कैंप में रोगियों का चेकअप किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story