वर्तमान हालात के चलते पेट्रोल व डीजल का विकल्प ढूंढना जरूरी : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
वर्तमान हालात के चलते पेट्रोल व डीजल का विकल्प ढूंढना जरूरी : राज्यपाल


धर्मशाला, 20 मई (हि.स.)। प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि अमरीका और ईरान के युद्ध की वजह से जो परिस्थितियां बनी हैं, हमें लगता है कि इनमें जल्द सुधार होगा। वर्तमान में जो परिस्थितियां बनी है, इसके चलते भविष्य में पेट्रोल व डीजल का अल्टरनेट ढूंढना बहुत महत्वपूर्ण है। एक भारत श्रेष्ठ भारत-युवा संगम’ कार्यक्रम के तहत केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश पहुंचे पुडुचेरी के एनआईटी स्टूडेंटस से संवाद करने पहुंचे राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भारत को जानने के लिए बेहद जरूरी हैं, जिनका स्टूडेंटस को लाभ भी मिलता है।

राज्यपाल ने कहा कि अमरीका और ईरान के युद्ध की वजह से बनी परिस्थितियों में भारत ने खुद को संभाल कर रखा है, इसमें सभी को भारत सरकार का साथ देना चाहिए। पेट्रोल व डीजल का विकल्प ढूंढना आगामी समय के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। भारत सरकार ने पेट्रोल व डीजल कीमतों को काफी कंट्रोल करके रखा है, जबकि पाकिस्तान में पेट्रोल 400 रुपये प्रति लीटर है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत-युवा संगम कार्यक्रम को लेकर राज्यपाल ने कहा कि यह विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव और अनुभव आधारित सीख को बढ़ावा देगा । उन्होंने कहा कि यह पहल छात्रों को भारत की विविधता को समझने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है। इस दौरान उन्होंने पुडुचेरी से आए स्टूडेंटस के साथ संवाद भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story