राज्यपाल ने ‘परमार्थ इको विलेज’ का किया भूमि पूजन, पर्यावरण संरक्षण के लिए एक लाख पौधे लगाने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने ‘परमार्थ इको विलेज’ का किया भूमि पूजन, पर्यावरण संरक्षण के लिए एक लाख पौधे लगाने का संकल्प


धर्मशाला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शनिवार को कांगड़ा जिला के मनेई (भद्रेला) में ‘परमार्थ इको विलेज’ का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और मानवीय सेवा के क्षेत्र में इस परियोजना को एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने का प्रेरणादायक केंद्र बनेगा।

राज्यपाल ने कहा कि आज केवल एक परियोजना की आधारशिला नहीं रखी जा रही, बल्कि प्रकृति और मानवता के बीच संतुलन स्थापित करने वाले एक ऐसे विचार की नींव रखी जा रही है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

राज्यपाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती है। इसका समाधान केवल सरकारी नीतियों और योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जीवनशैली, सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना होगा। उन्होंने कहा कि ‘परमार्थ इको विलेज’ जैसी पहल पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि इस परियोजना को एक जीवंत शिक्षण एवं प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जहां विद्यार्थी, किसान, शोधकर्ता, युवा उद्यमी, स्वयं सहायता समूह और समाज के विभिन्न वर्ग प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली को समझने के साथ उसे अपने व्यवहार में भी अपना सकें।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, अमृत सरोवर अभियान और मिशन लाइफ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक लाख पौधे लगाने के संकल्प का शुभारंभ पौधारोपण करके किया। उन्होंने इको विलेज के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले राकेश और दिनेश को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय चित्रकार संजय धीमान तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही स्थानीय पर्यावरण संरक्षक रूमी देवी को भी सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770190 Articles

Share this story