केंद्र सरकार की पहलें स्वास्थ्य सेवाओं के परिदृश्य को दे रही नई दिशा : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र सरकार की पहलें स्वास्थ्य सेवाओं के परिदृश्य को दे रही नई दिशा : राज्यपाल


धर्मशाला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। केंद्र सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और समावेशी बनाने के उद्देश्य से अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, स्वास्थ्य बीमा के व्यापक दायरे, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा डिजिटल तकनीक के समावेश से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसका विशेष लाभ ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिल रहा है।

यह बात राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को जिला कांगड़ा के पालमपुर में नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी के 38वें वार्षिक सम्मेलन एवं हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहा यह परिवर्तन केवल चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की समान पहुंच सुनिश्चित करना तथा विकास प्रक्रिया के केंद्र में नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देना है।

राज्यपाल ने कहा कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन जैसी योजनाएं देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अंतिम व्यक्ति तक किफायती चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयुवर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत योजना के स्वास्थ्य कवरेज के विस्तार को एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता परिलक्षित होती है।

प्रदेश में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा की 320 नई सीटें स्वीकृत किए जाने तथा इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा 415 करोड़ रुपये की राशि आवंटित किए जाने का स्वागत करते हुए राज्यपाल ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

राज्यपाल ने नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी, हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी तथा पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन को इस सम्मेलन के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वैज्ञानिक ज्ञान, व्यावसायिक अनुभव और नवीन चिकित्सा पद्धतियों के आदान-प्रदान के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। इससे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने डॉ. सुधीर सल्होत्रा को नॉर्थ जोन ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी के 38वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करवाया तथा चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सूरत सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। उन्होंने एनजेडओएस जर्नल जारी किया तथा हिमाचल प्रदेश ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी की वेबसाइट का भी शुभारंभ किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story