मुख्यमंत्री के सलाहकार गोकुल बुटेल ने कजाकिस्तान की कठिन अल्माटी हाफ मैराथन पूरी की

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के सलाहकार गोकुल बुटेल ने कजाकिस्तान की कठिन अल्माटी हाफ मैराथन पूरी की


धर्मशाला, 27 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार और शासन) गोकुल बुटेल ने कजाकिस्तान के प्रमुख शहर अल्माटी में 27 सितंबर को आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में 21.1 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। मध्य एशिया के इस ऐतिहासिक शहर के दक्षिण में स्थित ट्रांस-इली अलाताउ पर्वत श्रृंखला इस दौड़ को बेहद कठिन और विशेष भौगोलिक चुनौती प्रदान करती है, जहां मार्ग दक्षिण के ऊंचे व खड़े पर्वतीय क्षेत्रों से उत्तर के समतल मैदानों की ओर ढलता है।

मैराथन पूरी करने के पश्चात गोकुल बुटेल ने प्रदेशवासियों और विशेषकर युवा वर्ग से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नशीले पदार्थों व सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां न केवल शरीर को तंदुरुस्त रखती हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करती हैं।

गोकुल बुटेल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रेरणा लेकर हमारे युवाओं को भी सकारात्मक सोच के साथ खेल-कूद से जुड़ना चाहिए और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story