व्यवासायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए होटल एसोसिएशन ने जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 23 अप्रैल (हि.स.)। होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन, धर्मशाला ने वीरवार को अप्पर धर्मशाला के होटलों में व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक का आभार जताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी बंबा ने बताया कि हाल ही में एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह से मुलाकात की थी और क्षेत्र के होटलों और रेस्टोरेंटों को निर्बाध और समान रूप से व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक ज्ञापन सौंपा था।

उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है और पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग में काफी वृद्धि हुई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंटों पर काफी दबाव पड़ रहा है।

एसोसिएशन ने जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह के त्वरित हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने तुरंत हिंदुस्तान पेट्रोलियम से कांगड़ा जिले के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का कोटा बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके अलावा, अनिल गैस एजेंसी को निष्पक्ष और समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। इन समयबद्ध प्रयासों के परिणामस्वरूप वीरवार को अनिल गैस एजेंसी ने नड्डी, सतोबरी, भागसूनाग और मैक्लोडगंज क्षेत्रों में स्थित होटलों को 61 व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की। एसोसिएशन यह भी स्पष्ट करना चाहता है कि सभी सिलेंडर 2,230 प्रति सिलेंडर की आधिकारिक दर पर वितरित किए गए और किसी भी प्रकार की अधिक कीमत वसूलने की शिकायत नहीं मिली है।

उन्होंने एसोसिएशन की ओर से एचपीसीएल के बिक्री प्रबंधक विक्रम सिंह का आभार जताया है जिन्होंने धर्मशाला क्षेत्र के लिए वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों का कोटा बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन पर्यटन के व्यस्त मौसम के दौरान सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story