गांधी का जीवन और विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
गांधी का जीवन और विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : विनय कुमार


धर्मशाला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को धर्मशाला में कचहरी अड्डा से गांधी वाटिका तक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी में शहर के नागरिकों, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवियों, साई के खिलाड़ियों, पुलिस तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने शांति, अहिंसा, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

प्रभात फेरी के उपरांत गांधी वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित विभिन्न भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों से गांधी वाटिका का वातावरण आध्यात्मिकता, शांति और देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान गांधी वाटिका में सर्वधर्म सभा का भी आयोजन किया गया। सर्वधर्म सभा में सेंट जोंस चर्च, जामा मस्जिद, गुरुद्वारा सिंह सभा तथा सनातन धर्म सभा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और महात्मा गांधी के सर्वधर्म समभाव, शांति, सद्भाव एवं मानवता के संदेश को स्मरण किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत करने के लिए गांधी जी के विचारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story