गगल के 70 परिवारों को मुआवजे के साथ मिलेगा आरएंडआर का लाभ : केवल सिंह पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
गगल के 70 परिवारों को मुआवजे के साथ मिलेगा आरएंडआर का लाभ : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 25 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आने वाले गगल क्षेत्र के सभी प्रभावितों के पुनर्वास के लिए हिमाचल सरकार कृतसंकल्प है। यह बात उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आने वाले परिवारों को आश्वासन दिया गया है कि उन्हें उनका हक दिलवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सरकार ने विधानसभा में करीब 60 से 70 परिवारों को अब उचित मुआवजे के साथ पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) का लाभ भी देने का आश्वासन दिया है। पठानिया ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में सरकार की ओर से जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों को उनका उचित हक दिलाने के लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने के साथ आरएंडआर का लाभ भी सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गगल के ऐसे परिवार जो लंबे समय से सरकारी अथवा पंचायत द्वारा देय भूमि पर रह रहे हैं। एयरपोर्ट विस्तार के कारण इन परिवारों के सामने विस्थापन की स्थिति पैदा हुई है, लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजे और पुनर्वास का लाभ नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार प्रदेश के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है और इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। अधिकांश प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि गगल क्षेत्र एयरपोर्ट विस्तार से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले इलाकों में शामिल है।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ये परिवार दशकों से गगल में रह रहे हैं और क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story