पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने सुक्खू सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों को 5 प्रतिशत डीए देने का किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने सुक्खू सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों को 5 प्रतिशत डीए देने का किया स्वागत


धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)।

धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में की गई घोषणाओं का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार कर्मचारी हितैषी है और कर्मचारियों तथा पेंशनरों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में कुल 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन संशोधन के लंबित एरियर के बदले 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की है। इन फैसलों से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे त्योहार बेहतर ढंग से मना सकेंगे।

पूर्व महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कर्मचारी हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि सरकार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ देती रहेगी।

देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि सरकार का यह कदम कर्मचारियों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी वर्ग के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story