धर्मशाला वन विभाग में भरे जायेंगे पटवारियों के दो पद, सेवानिवृत राजस्व कर्मचारी पात्र

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 25 जुलाई (हि.स.)। अरण्यपाल वन्य प्राणी वृत (उत्तरी) धर्मशाला सरोज भाई पटेल ने बताया कि कार्यालय के अधीन रिक्त पटवारी के दो पदों पर पारिश्रमिक के आधार पर पात्र सेवानिवृत राजस्व कर्मचारियों से पुनर्नियोजन हेतू आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों के लिए 40 हज़ार रूपये प्रतिमाह पारिश्रमिक देय होगा।

उन्होंने बताया कि आवेदक हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के किसी भी विंग से सेवानिवृत पटवारी या इसके ऊपर का अधिकारी होना चाहिए, जिसने सेवानिवृत्ति से पूर्व हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग में न्यूनतम पांच वर्ष की नियमित सेवा की हो। आवेदन पर विचार के समय उसके विरूद्ध कोई विभागीय, अनुशासनात्मक अथवा सर्तकता संबंधी मामला लंबित या विचाराधीन नहीं होना चाहिए तथा विज्ञापन की तिथि को उसकी आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। पुनर्नियोजन प्रारम्भिक रूप से एक वर्ष के लिए किया जाएगा, जिसे आवश्यकता एवं कार्य निष्पादन के आधार पर बढाया जा सकता है।

उन्होेंने कहा कि इच्छुक आवेदक प्रपत्र पर आवेदन करके मुख्य अरण्यपाल वन्यप्राणी वृत्त (उत्तरी) धर्मशाला कार्यालय में 10 अगस्त सांय 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती वन मंडलाधिकारी वन्यप्राणी मण्डल चम्बा व हमीरपुर के कर्यालयों के अधीन कार्यक्षेत्रों में की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story