फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन, रेस्लर बबिता फोगाट रही मुख्यातिथि

WhatsApp Channel Join Now
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन, रेस्लर बबिता फोगाट रही मुख्यातिथि


फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन, रेस्लर बबिता फोगाट रही मुख्यातिथि


धर्मशाला, 24 मई (हि.स.)। खेल नगरी धर्मशाला में रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट रेस्लर बबीता फोगाट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान की थीम ‘स्टार्ट ऑफ कॉमनवेल्थ गेम्स-2030’ रखी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ वर्ष 2030 में भारत में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए जनसमर्थन तैयार करना रहा।

कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान बबीता फोगाट और उपायुक्त कांगड़ा ने झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उनके साथ फिट इंडिया एंबेसडर दीपक मिश्रा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों ने खिलाड़ियों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए फिटनेस, अनुशासन और मेहनत का संदेश दिया। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के धावकों और प्रशिक्षकों से संवाद करने तथा अपने खेल से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करने का अवसर भी मिला।

इस मौके पर भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक शैलेंद्र कुमार (चंडीगढ़) और जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एक सौ से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षु और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। साइकिल रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अलावा योग और स्किपिंग रोप जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

अहमदाबाद में 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स देश के लिए गर्व की बात : बबीता फोगाट

बबीता फोगाट ने कहा कि वर्ष 2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत में खेल सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाओं के लिए दूर-दराज जाना पड़ता था, लेकिन अब खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर कोचिंग, हाई-परफॉर्मेंस सेंटर और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। बबीता फोगाट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीया के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों के लिए टारगेट ओलंपिक पोडियम और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से मजबूत खेल वातावरण तैयार कर रही है।

उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अपील की कि अब सुविधाओं की कोई कमी नहीं है, इसलिए उन्हें पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे।

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास : हेमराज बैरवा

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में खेलों और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि फिट रहना केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, ताकि भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत खेल राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story