पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्निरीक्षण के परिणाम के बाद 10वीं की अंतिम मेरिट सूची जारी
धर्मशाला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक (नियमित) की मुख्य वार्षिक परीक्षाओं की अंतिम मेरिट सूची अंतिम रूप से तैयार कर ली है। यह सूची पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्निरीक्षण के परिणामों को शामिल करने के बाद तैयार की गई है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बीते 23 अक्टूबर, 2026 को घोषित पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्निरीक्षण के परिणामों को मुख्य वार्षिक परीक्षा के परिणामों के डेटाबेस में समाहित करने के उपरांत अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई है, ताकि संबंधित विद्यार्थियों के अद्यतन परीक्षा परिणामों को इसमें शामिल किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मैट्रिक (नियमित) की अंतिम मेरिट सूची हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी गई है। विद्यार्थी, अभिभावक एवं अन्य इच्छुक व्यक्ति बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर मेरिट सूची देख सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

