धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का 15वां संस्करण 29 अक्तूबर से

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 17 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का 15वां संस्करण 29 अक्तूबर से पहली नवंबर तक अपर धर्मशाला स्थित तिब्बती चिल्ड्रन्स विलेज में आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के फिल्म प्रेमियों और फिल्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के भाग लेने की उम्मीद है। यह जानकारी फेस्टिवल निदेशक रितु सरीन ने दी।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल विश्व सिनेमा को स्थानीय दर्शकों तक पहुंचाने के साथ क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दे रहा है। यह महोत्सव हर वर्ष फिल्म प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे धर्मशाला की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलता है।

रितु सरीन ने बताया कि पिछले आयोजनों में लगभग 50 प्रतिशत प्रतिभागी धर्मशाला से बाहर के रहे हैं। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों और फिल्म प्रेमियों की भागीदारी स्थानीय पर्यटन एवं संबंधित गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से हिमालयी क्षेत्र के उभरते फिल्म निर्माताओं को प्रतिष्ठित फिल्म विशेषज्ञों से सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। इसके अतिरिक्त, स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष फिल्म प्रदर्शन और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य बच्चों में सिनेमा के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए आयामों से परिचित करवाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story