29 अक्टूबर से होगा फ़िल्म फेस्टिवल का 15वां संस्करण, नौ और फिल्में हुई शामिल

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (डीआईएफएफ) के 15वें संस्करण के लिए फिल्मों की सूची लगातार बढ़ रही है। आयोजकों ने महोत्सव में नौ और फिल्मों को शामिल करने की घोषणा की है। इनमें भारत समेत जॉर्जिया, ईरान, जापान और अमेरिका सहित कई देशों की फिल्में शामिल हैं। महोत्सव 29 अक्तूबर से एक नवंबर तक तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज, धर्मशाला में आयोजित होगा। नई सूची में लेवान कोगुआशविली की गुरिया, मेहरदाद ओस्कुई और सोराया अखलाघी की ए फॉक्स अंडर अ पिंक मून, शो मियाके की टू सीजन्स, टू स्ट्रेंजर्स, यशस्वी जुयाल की द इंक स्टेन्ड हैंड एंड द मिसिंग थंब और जॉन अब्राहम की चर्चित फिल्म अम्मा अरियान शामिल हैं।

इसके अलावा मयिला, उस्ताद बंटू, मिडनाइट मोमो और द कैल्फ डॉल भी दिखाई जाएंगी। महोत्सव में शामिल फिल्मों में सामाजिक संघर्ष, विस्थापन, प्रेम, स्मृति, परंपरा और बदलते ग्रामीण जीवन जैसे विषयों को अलग-अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।

जॉन अब्राहम की 1986 में बनी अम्माअरियान महोत्सव के खास आकर्षणों में रहेगी। वहीं मिडनाइट मोमोकी कहानी न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित एक तिब्बती रेस्तरां में समय के चक्र में फंसे प्रवासियों और अन्य पात्रों के इर्द-गिर्द घूमती है। रितु सरीन ने बताया कि प्रतिनिधि और विद्यार्थी पास बिक चुके हैं। अन्य श्रेणियों के पास उपलब्ध हैं, जिन्हें महोत्सव की वेबसाइट के माध्यम से लिया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story