29 अक्टूबर से धर्मशाला में होगा अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव का 15वां संस्करण

WhatsApp Channel Join Now
29 अक्टूबर से धर्मशाला में होगा अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव का 15वां संस्करण


धर्मशाला, 28 सितंबर (हि.स.)। धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव का 15वां संस्करण 29 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक डलझील के समीप तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज में आयोजित किया जाएगा। उत्सव के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को सहायक आयुक्त, उपायुक्त कांगड़ा विवेक चौहान की अध्यक्षता में आयोजकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सहायक आयुक्त ने आयोजन स्थल पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, परिवहन, कानून एवं व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस फिल्म उत्सव के आयोजन से धर्मशाला तथा कांगड़ा जिला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, स्थानीय विद्यार्थियों एवं फिल्म निर्माण तथा इससे जुड़े क्षेत्रों में रुचि रखने वाले युवाओं को देश-विदेश के फिल्मकारों और विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्राप्त होगा।

बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन, फिल्म उत्सव निदेशिका ऋतु सरीन, प्रबंधक लूसी पीटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story