अब खेतों से किसानों के कृषि उत्पाद सीधे पंहुचेंगे होटल, फार्म टू फोर्क कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 20 मार्च (हि.स.)। अब खेतों से किसानों के कृषि उत्पाद सीधे होटलों तक पहुंचेंगे। इस दिशा में पर्यटन विभाग और कृषि विभाग की ओर से संयुक्त पहल की गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को धर्मशाला के खनियारा स्थित स्टेट इंस्टीटयूट आफ होटल मैनेजमेंट में फार्म टू फोर्क कार्यकम लंच थीम के तहत चैप्टर टू आयोजित किया गया। इसका पहला चैप्टर धर्मशाला के कंडी स्थित निजी होटल में आयोजित किया जा चुका है। इस पहल से जहां किसानों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग की चिंता नहीं रहेगी, वहीं होटल स्टाफ को भी जरूरत अनुरूप कृषि उत्पाद होटलों में ही उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान और कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डा. राहुल धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। फार्म टू फोर्क कार्यक्रम में नवीन पाक-कला तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, साथ ही स्थानीय रूप से उपलब्ध सामग्रियों का उपयोग कर पर्यावरण के अनुकूल व्यंजन प्रस्तुत किए गए।

होटलों के साथ सांझा की है किसानों की लिस्ट : उपायुक्त

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि पर्यटन और कृषि विभाग की संयुक्त पहल के तहत धर्मशाला शहर के प्रमुख होटलों व एसआईएचएम के स्टूडेंटस को साथ लेकर फार्म टू फोर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल से होटलों के किचन में रोजमर्रा प्रयोग में लाई जाने वाली चीजें सीधे होटलों तक पहुंचेगी। इसकी शुरूआत कंडी स्थित निजी होटल के साथ की गई है तथा कृषि विभाग द्वारा प्रगतिशील किसानों की लिस्ट भी पर्यटन विभाग के साथ सांझा की गई हैं। जिसके तहत होटलों व किसानों का सीधा संपर्क स्थापित करवाया है, इससे जहां किसानों को अपने कृषि उत्पाद आसानी से बेचने की सुविधा मिलेगी, वहीं होटलों की जरूरतें भी बिना बाजार के चक्कर लगाए ही पूरी हो पाएंगी।

ऐसे आयोजन, जागरूक शेफ बनने को करते हैं प्रेरित : विनय धीमान

कांगड़ा पर्यटन विभाग के उप-निदेशक एवं संस्थान के प्रधानाचार्य विनय धीमान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान देने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार और जागरूक शेफ बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल किसानों की प्राकृतिक खेती को सीधे बड़े होटलों व रेस्तरां में पहुंचाने से उनकी आर्थिक में भी सुधार हो सकेगा।

किसानों को मिलेंगे बेहतर दाम : डा. कटोच

कृषि विभाग के नॉर्थ जोन के एडिशनल ज्वाइंट डायरेक्टर डा. राहुल कटोच ने कहा कि धर्मशाला में ये दूसरा आयोजन है। इससे किसानों को बेहतर दाम मिल पाएंगे। इससे पहले भी किसानों को बेहतर दाम देने के लिए नाम पोर्टल सहित एपीएमसी की ओर से भी कार्य किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story