डोल्मा सेरिंग बनी तिब्बती संसद की पहली महिला अध्यक्ष, खेनपो सोनम उपाध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
डोल्मा सेरिंग बनी तिब्बती संसद की पहली महिला अध्यक्ष, खेनपो सोनम उपाध्यक्ष


धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। निर्वासित तिब्बती सरकार के मुख्यालय धर्मशाला में 18वीं तिब्बती संसद के लिए डोल्मा सेरिंग तेयखांग को संसद की पहली महिला अध्यक्ष चुना गया है। डोलमा ने पूर्व अध्यक्ष रहे खेनपो सोनम तेनफेल को 2 वोटों से हराया। इससे पूर्व तिब्बती संसद के लिए चुने गए सांसदों ने शपथ ली।

संसद भवन में आयोजित समारोह की शुरुआत पारंपरिक तरीके से हुई। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के सर्वोच्च न्यायिक निकाय, तिब्बती सर्वोच्च न्याय आयोग की मुख्य न्यायाधीश आयुक्त येशी वांगमो ने वरिष्ठतम सांसद दावा सेरिंग को अंतरिम अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई। इसके बाद, अंतरिम अध्यक्ष दावा त्सेरिंग ने सभी नवनिर्वाचित और मौजूदा सांसदों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद दोपहर के सत्र में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए गुप्त मतदान हुआ। अध्यक्ष पद के चुनाव में डोल्मा सेरिंग तेयखांग ने 22 मत प्राप्त कर खेनपो सोनम तेनफेल (20 मत) को दो वोटों से हराया। इस चुनाव में 3 मतपत्र अमान्य घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में खेनपो सोनम तेनफेल ने 22 वोट हासिल कर कर्मा गेलेक (20 मत) को पराजित किया, जिसमें भी तीन मत अमान्य पाए गए।

18वीं संसद में कुल 45 सदस्य हैं, जिनमें 17 नवनिर्वाचित और 28 मौजूदा सांसद शामिल हैं। सदन में लगभग 38 प्रतिशत नए चेहरे हैं, जो तिब्बती राजनीति में युवा प्रतिनिधित्व में वृद्धि का संकेत देते हैं। हालांकि, इस चुनाव में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम रहा।

45 सीटों में से केवल नौ महिला सांसद

वर्ष 2026 के इन संसदीय चुनावों में कुल 45 सीटों में से केवल नौ महिला सांसद ही अपनी जगह बनाने में कामयाब हो सकीं। संसद के गठन में तिब्बत के तीन पारंपरिक प्रांतों उ-त्सांग, धोतोए और डोमे से 10-10 प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

इसके अलावा तिब्बती बौद्ध धर्म के चार संप्रदायों और पूर्व-बौद्ध बोन परंपरा से दो-दो प्रतिनिधि चुने गए हैं। वैश्विक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए उत्तरी अमेरिका और यूरोप से दो-दो सदस्य, जबकि ऑस्ट्रेलिया और भारत, नेपाल व भूटान को छोड़कर शेष एशिया क्षेत्र से एक-एक प्रतिनिधि को संसद में जगह मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story