इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिली नई गति : केवल पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिली नई गति : केवल पठानिया


धर्मशाला, 14 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। तीन नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी तथा लोगों को अधिक बेहतर, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। यह बात शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने एसडीएम कार्यालय परिसर से इन तीन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के मौके पर कही। इन बसों का संचालन धर्मशाला से तत्वानी, बंडी, रेहलू, लंज, हरनेरा और भलेड़ सहित विभिन्न ग्रामीण रूटों पर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन नई बस सेवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। विशेष रूप से उन क्षेत्रों के निवासियों को राहत मिलेगी, जहां सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्प उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। 297 इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं जो हिमाचल में स्वच्छ एवं हरित परिवहन को नई दिशा प्रदान करेंगी।

इलेक्ट्रिक बसों का प्रमुख लाभ पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा है। इनके संचालन से प्रदूषण और ईंधन की खपत में कमी आएगी तथा यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story