एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में छठी कक्षा के लिए चयन परीक्षा 15 नवंबर को, 12 अक्टूबर तक आवेदन
धर्मशाला, 26 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेश के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 का आयोजन 15 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है तथा पात्र विद्यार्थी 12 अक्तूबर, 2026 तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस के माध्यम से प्रदेश में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में कक्षा छठी में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के लिए मुख्य रूप से अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के वे विद्यार्थी पात्र होंगे, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत हैं अथवा निर्धारित शर्तों के अनुसार कक्षा पांचवीं की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं या इसी शैक्षणिक सत्र में कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण कर चुके हैं।
डॉ. शर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध प्रोस्पेक्टस में दी गई पात्रता, पाठ्यक्रम, परीक्षा योजना एवं अन्य दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। ऑनलाइन आवेदन में श्रेणी/उप-श्रेणी को छोड़कर अन्य विवरणों में सुधार का अवसर 13 से 15 अक्तूबर, 2026 तक उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थी परीक्षा से चार दिन पूर्व बोर्ड की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पूर्ण एवं ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन अथवा अन्य माध्यम से भेजे गए तथा अधूरे आवेदन मान्य नहीं होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

