एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल चयन परीक्षा 29 मार्च को
धर्मशाला, 25 मार्च (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश सरकार के अनुसूचित जनजाति विभाग के तत्वावधान में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल की चयन परीक्षा का आयोजन 29 मार्च को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 11 बजे से दोपहर एक बजे तक किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों में स्थापित परीक्षा केंद्रों चंबा जिला के होली, भरमौर, किल्लाड-पांगी, कांगड़ा जिला के धर्मशाला स्थित दाड़ी, किन्नौर जिला में निचार, पूह, रिकांगपियो तथा लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी, काजा और केलांग में आयोजित की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को सुगम परीक्षा सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
डॉ. शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा के लिए 959 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बुधवार को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने आवेदन नम्बर एवं जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेश पत्र डाक द्वारा अलग से नहीं भेजे जाएंगे।
उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व उपस्थित होना सुनिश्चित करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। साथ ही, किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवसों में बोर्ड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

